प्रधानमंत्री की सुरक्षा में तैनात एसपीजी कमांडो संजीव तोमर का निधन, राजकीय सम्मान के साथ हुआ अंतिम संस्कार

बुलंदशहर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा में तैनात एसपीजी कमांडो संजीव तोमर का बीमारी के चलते निधन हो गया। मात्र 32 वर्ष की उम्र में देश ने एक और वीर जवान खो दिया। गुरुवार को उनके पैतृक गांव में राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया, जहां हजारों लोगों ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी।

मूल रूप से गांव गरहरा निवासी संजीव तोमर पुत्र चंद्रपाल सिंह का परिवार बुलंदशहर शहर के मोरी गेट क्षेत्र में रहता है। वर्ष 2015 में उन्होंने सीआरपीएफ में भर्ती होकर अपनी सेवा शुरू की थी। वर्ष 2021 में एसपीजी (स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप) में उनकी नियुक्ति हुई थी। वे वर्तमान में प्रधानमंत्री की सुरक्षा टीम में तैनात थे।

सूत्रों के अनुसार, संजीव तोमर को स्पाइनल कार्ड से संबंधित बीमारी हो गई थी, जिसके चलते उन्हें 27 सितंबर को गुड़गांव के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन हालत में सुधार नहीं हुआ और बुधवार को डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

गुरुवार सुबह जब उनके पार्थिव शरीर को गांव लाया गया तो पूरा माहौल गमगीन हो गया। परिवारजन और ग्रामीणों की आंखें नम थीं। हजारों लोगों ने “भारत माता की जय” और “वीर जवान अमर रहें” के नारों के साथ अंतिम यात्रा में हिस्सा लिया। शव यात्रा मुख्य बाजार से होती हुई मस्तराम श्मशान घाट (अनूपशहर) पहुंची, जहां राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया।

अंतिम संस्कार के समय दिल्ली की 172वीं सीआरपीएफ कंपनी के इंस्पेक्टर आकाश शर्मा के नेतृत्व में जवानों ने कमांडो संजीव तोमर को गार्ड ऑफ ऑनर दिया।

इस मौके पर कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र शर्मा, कई पूर्व सैनिक और स्थानीय गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। सबने पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। संजीव के छोटे भाई जितिन तोमर ने उन्हें मुखाग्नि दी।

पूर्व प्रधान सतेन्द्र चौहान ने बताया कि संजीव मूल रूप से गरहरा गांव के निवासी थे। उनके पिता ने मोरी गेट में मकान बनाकर बसने का निर्णय लिया था। वर्ष 2018 में संजीव की शादी प्रीति के साथ हुई थी। उनके एक बेटी न्याया और एक बेटा आर्यन है जिनकी उम्र 4 वर्ष है !


Comments (0)

Be the first to comment on this article.

Leave a comment