23 Jul, 2026 | 17:31 IST
Sign In
Breaking
Logo

समन्वय बनाते हुए शहर के विकास के लिए काम करें: महापौर

Site Administrator 20 Dec 2025, 12:09 PM 0 views 0 comments
कार्यकारणी बैठक को सम्बोधित करते महापौर

नगर निगम कार्यकारिणी बैठक में पार्षदों ने प्रमुख जनसमस्याओं को मजबूती से उठाया

सहारनपुर। नगर निगम सहारनपुर की कार्यकारिणी बैठक महापौर डॉ. अजय कुमार की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में नगरायुक्त शिपू गिरि भी मौजूद रहे। इस दौरान महापौर एवं नगरायुक्त ने निगम अधिकारियों और पार्षदों को एकजुट होकर आपसी समन्वय के साथ शहर के विकास के लिए कार्य करने का आह्वान किया। महापौर ने स्पष्ट कहा कि निगम अधिकारी और पार्षद एक ही परिवार के सदस्य हैं और शहर के समग्र विकास के लिए नियमों का पालन करते हुए मिलकर कार्य करना आवश्यक है।

पार्षद लोकतंत्र का आधार, उनकी समस्याओं को मिले प्राथमिकता: महापौर

महापौर डॉ. अजय कुमार ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि पार्षद लोकतंत्र की नींव होते हैं। एक पार्षद दस से पंद्रह हजार लोगों द्वारा चुना जाता है और वह निगम व्यवस्था से अपेक्षा करता है कि उसके वार्ड से जुड़ी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुना और हल किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पार्षदों द्वारा उठाए गए मुद्दों पर गंभीरता से कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

कार्यकारणी बैठक को सम्बोधित करते महापौर

नगरायुक्त ने पार्षदों की शंकाओं का किया समाधान

नगरायुक्त शिपू गिरि ने बैठक में उपस्थित सभी पार्षदों द्वारा उठाए गए विषयों पर क्रमवार उत्तर दिए और उनकी शंकाओं का समाधान किया। उन्होंने बताया कि निगम द्वारा किए जा रहे कार्यों में वित्तीय और तकनीकी पहलुओं का ध्यान रखते हुए निर्णय लिए जाते हैं।

हंसी-ठहाकों के बीच फिर शुरू हुई कार्यकारिणी बैठक

महापौर की अध्यक्षता में निगम कार्यकारिणी की बैठक हंसी-ठहाकों के बीच शुरू हुई। बैठक वहीं से आरंभ हुई जहां एक दिन पूर्व इसे स्थगित किया गया था। उल्लेखनीय है कि पार्षद सलेकचंद के सवाल के दौरान बैठक को अगले दिन शाम चार बजे तक के लिए स्थगित किया गया था।

कार्यकारणी बैठक को सम्बोधित करते महापौर

पांवधोई नदी पार्किंग में अवैध वसूली का मुद्दा उठा

उपसभापति मयंक गर्ग ने पांवधोई नदी पर बनाई गई पार्किंग को लेकर गंभीर मुद्दा उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्किंग ठेकेदार वाहन स्वामियों से मनमाना शुल्क वसूल रहा है तथा नीचे सड़क पर वाहन खड़े कराए जाने से जाम की स्थिति उत्पन्न हो रही है। इस पर महापौर ने अतिक्रमण प्रभारी को निर्देश दिए कि निर्धारित शुल्क का बोर्ड लगाया जाए और वहां कैमरे भी स्थापित किए जाएं। साथ ही पार्षदों के कार्यों को प्राथमिकता देने पर भी उन्होंने जोर दिया।

35 एचपी रिबोर फेल होने पर कार्रवाई की मांग

पार्षद ज्योति अग्रवाल ने अपने वार्ड में कराए गए 35 एचपी क्षमता के रिबोर के फेल होने का मामला उठाया और संबंधित ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इस मुद्दे पर पार्षद संजय सैनी और दिग्विजय चौहान ने भी चर्चा में भाग लिया। महापौर ने इस विषय पर महाप्रबंधक जलकल को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

अनुभवहीन ठेकेदारों पर उठे सवाल

पार्षद अभिषेक अरोड़ा टिंकू ने जलकल विभाग के एक ठेकेदार पर आरोप लगाते हुए कहा कि उसे 35 एचपी बोरिंग का अनुभव नहीं है, जिसके कारण शहर में बोरिंग फेल हो रहे हैं। उन्होंने ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। इसके साथ ही उन्होंने पुल खुमरान के नाले की डाट कई स्थानों से बैठ जाने की जानकारी देते हुए उसमें हयूम पाइप डलवाने, वार्ड में सफाई कर्मचारियों की संख्या बढ़ाने की भी मांग की।

वीडियो-कार्यकारणी बैठक

डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन पर चर्चा

पार्षद दिग्विजय चौहान ने डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन में वसूले जा रहे यूजर चार्ज का मुद्दा उठाया और निजी कर्मचारियों के स्थान पर निगम कर्मचारियों से कूड़ा उठवाने पर जोर दिया। इस पर नगरायुक्त शिपू गिरि ने बताया कि सहारनपुर नगर निगम प्रदेश का एकमात्र ऐसा निगम है जो एनजीओ की सहायता से यह कार्य कर रहा है। यदि यह कार्य निगम स्वयं करेगा तो निगम पर अतिरिक्त वित्तीय भार पड़ेगा।

सीएम ग्रिड योजना और सीवर व्यवस्था पर निर्देश

नगरायुक्त ने बताया कि जैन कॉलेज रोड का निर्माण सीएम ग्रिड योजना के अंतर्गत किया जा रहा है, जिसमें सड़क की चौड़ाई को ध्यान में रखते हुए समुचित प्लानिंग की जानी चाहिए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि नालों का पानी सीवर में न डाला जाए।

वीडियो-कार्यकारणी बैठक को सम्बोधित करते महापौर

जलभराव और सौंदर्यीकरण के मुद्दे प्रमुख

पार्षद फजलुर्रहमान ने नवादा रोड पर जलभराव की समस्या उठाते हुए उसके स्थायी समाधान की मांग की। वहीं पार्षद अनुज जैन ने चौक फव्वारा के सौंदर्यीकरण की जोरदार मांग की, जिस पर महापौर ने सौंदर्यीकरण कराने का आश्वासन दिया।

गौशाला और अतिक्रमण हटाने की मांग

पार्षद संजय सैनी ने गोगा महाड़ी से पूर्व के चौक के सौंदर्यीकरण, शुगर मिल के निकट पड़ी निगम भूमि की चारदीवारी कर उसमें गौशाला बनाने का सुझाव दिया। उन्होंने खलासी लाइन की झुग्गी-झोपड़ियों द्वारा सड़क पर कूड़ा फैलाने का मुद्दा भी उठाया। इस पर महापौर ने अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए और कहा कि यदि भूमि रेलवे की है तो रेलवे को पत्र लिखा जाए।

नागरिक सुविधाओं पर पार्षदों ने जताई संतुष्टि और मांगें

पार्षद मंसूर बदर ने निगम परिसर में जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र के लिए अलग विंडो खोले जाने पर महापौर और नगरायुक्त का आभार जताया। उन्होंने आनंद नगर नाले से अतिक्रमण हटाने, मछली मंडी को मछली हाट में स्थानांतरित करने और कम्बोह पुल के नाले पर फोल्डिंग कवर बनवाने की मांग की।

अन्य पार्षदों ने रखी वार्ड की समस्याएं

पार्षद शबाना प्रवीन ने अपने वार्ड की समस्याएं विस्तार से रखते हुए कार्यों को प्राथमिकता देने की मांग की, जिस पर महापौर ने उन्हें आश्वस्त किया। पार्षद आरती ने भी अपने वार्ड की सड़कों को दुरुस्त कराने की मांग रखी।

कूड़ा निस्तारण और बायोगैस संयंत्र पर चर्चा

पार्षद सलेख चंद ने शहर से एकत्रित कूड़े को इधर-उधर न डालकर घुन्ना महेशरी में खरीदी गई जमीन पर डालने की मांग की। इस पर महापौर ने बताया कि उक्त भूमि बायोगैस संयंत्र के लिए खरीदी गई है और संयंत्र शुरू होने के बाद यह समस्या स्वतः समाप्त हो जाएगी।

आउटसोर्स कर्मचारियों का विवरण मांगा

पार्षद राजेंद्र कोहली ने सीएलसी के माध्यम से आउटसोर्स पर रखे गए कर्मचारियों और उनके वेतन संबंधी विवरण कार्यकारिणी को उपलब्ध कराने की मांग की। बैठक में निगम के सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे और बैठक का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

Comments (0)

Be the first to share your thoughts on this article.

Leave a Reply