सहारनपुर के क्रिकेटर प्रशांतवीर की आईपीएल में एतिहासिक एंट्री, चेन्नई सुपर किंग्स ने 14 करोड़ से अधिक में खरीदा

छोटे शहर से आईपीएल तक का प्रेरणादायक सफर बना सहारनपुर क्रिकेट के लिए गौरव का क्षण
सहारनपुर।
सहारनपुर के उभरते क्रिकेटर प्रशांतवीर की आईपीएल में बड़ी सफलता से पूरे शहर में खुशी और उत्साह का माहौल है। जानकारी के अनुसार, इंडियन प्रीमियर लीग की दिग्गज टीम चेन्नई सुपर किंग्स ने प्रशांतवीर को 14 करोड़ रुपए से अधिक की बड़ी रकम में खरीदा है। यह उपलब्धि न केवल सहारनपुर क्रिकेट के लिए गर्व की बात है, बल्कि छोटे शहरों से निकलकर बड़े सपने देखने वाले हजारों युवा खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणा बन गई है।
प्रशांतवीर की इस ऐतिहासिक सफलता पर सहारनपुर जिला क्रिकेट एसोसिएशन (एसडीसीए) के चेयरमैन मोहम्मद अकरम ने गहरी प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि प्रशांतवीर का आईपीएल में चयन और इतनी बड़ी रकम में खरीदा जाना यह साबित करता है कि कड़ी मेहनत, लगन और सही मार्गदर्शन के बल पर कोई भी खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी पहचान बना सकता है। उन्होंने इसे सहारनपुर क्रिकेट के इतिहास का एक यादगार पल बताया, जो आने वाले समय में कई और युवा खिलाड़ियों को आगे बढ़ने की प्रेरणा देगा।
इस अवसर पर एसडीसीए के अध्यक्ष राजीव गुप्ता, सचिव लतीफ उर रहमान, उपाध्यक्ष परविंदर सिंह और कोषाध्यक्ष पाली कालड़ा ने भी प्रशांतवीर को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इसके साथ ही एसोसिएशन के संरक्षक अमर गुप्ता, राज कुमार राजू, यूपीसीए कमेटी सदस्य साजिद उमर, मीडिया प्रभारी सैयद मशकूर, जॉइंट सेक्रेटरी महेश शर्मा, भूपेंद्र कच्छल, विनय कुमार, सत्यम शर्मा, रवि सिंघल, योगेश गुप्ता, राकेश शर्मा, रणधीर कपूर, राजीव गोयल टप्पू, विक्रांत चौधरी, आमिर कुरैशी, अर्जुन चौहान, आदिल खान, भावना तोमर, तनवीर खान, संजय विश्वकर्मा, शोएब अहमद, सचिन सैनी, पीयूष राणा, रविश राठी, अर्जुन कुमार, अंजर अली, प्रीति मेहरा, राज शेखर, राव मुजीब, अक्षय चौहान, आयुष चौधरी, प्रिंस पटेल, ललित पंवार और मृदुल गर्ग सहित एसडीसीए के सभी सदस्यों ने प्रशांतवीर की इस बड़ी उपलब्धि पर खुशी जताई।
जानकारी के अनुसार, प्रशांतवीर के पिता रामेंद्र त्रिपाठी अमेठी के निवासी हैं और पेशे से शिक्षक हैं। उनकी माता का नाम अंजना देवी है। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर रही है, बावजूद इसके प्रशांतवीर के सपनों को परिवार का पूरा सहयोग मिला। प्रशांतवीर के भाई का नाम आर्यवीर त्रिपाठी और बहन का नाम निकिता त्रिपाठी है। उनके दादा एलआईसी से सेवानिवृत्त हैं और लंबे समय तक उनकी पेंशन से ही प्रशांतवीर के क्रिकेट प्रशिक्षण और जरूरी खर्च पूरे किए जाते रहे।
प्रशांतवीर ने वर्ष 2018 में राजीव गोयल टप्पू की अकादमी से अपने क्रिकेट करियर की औपचारिक शुरुआत की। शुरुआती दिनों में संसाधनों की कमी के बावजूद उनके भीतर छिपी प्रतिभा जल्द ही सामने आने लगी। एसडीसीए के डायरेक्टर मोहम्मद अकरम ने उनके क्रिकेट टैलेंट को पहचानते हुए उन्हें हरसंभव सहयोग प्रदान किया। उन्हें बैट, पैड, किट और जूते उपलब्ध कराए गए, साथ ही तकनीकी और मानसिक रूप से बेहतर खिलाड़ी बनाने के लिए लगातार मार्गदर्शन दिया गया।
प्रशांतवीर ने अंडर-19 और अंडर-23 टीमों में खेलते हुए सर्वाधिक विकेट लेने और रन बनाने का रिकॉर्ड अपने नाम किया। उनके ऑलराउंड प्रदर्शन ने चयनकर्ताओं का ध्यान खींचा, जिसके बाद उन्हें रणजी ट्रॉफी में खेलने का मौका मिला। इसके साथ ही उन्होंने यूपी टी-20 लीग में नोएडा किंग्स टीम का प्रतिनिधित्व किया, जहां उनके शानदार प्रदर्शन ने उन्हें एक भरोसेमंद खिलाड़ी के रूप में स्थापित किया। इस वर्ष वह टीम के कप्तान भी रहे, जो उनके नेतृत्व कौशल और क्रिकेट समझ को दर्शाता है।
एसडीसीए के पदाधिकारियों का कहना है कि प्रशांतवीर की यह सफलता यह साबित करती है कि छोटे शहरों में भी प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। सही प्लेटफॉर्म, मेहनत और मार्गदर्शन मिलने पर खिलाड़ी बड़े से बड़े मुकाम तक पहुंच सकते हैं। प्रशांतवीर की आईपीएल में एंट्री सहारनपुर के क्रिकेट ढांचे को नई पहचान दिलाने के साथ-साथ भविष्य में और खिलाड़ियों के लिए रास्ते खोलेगी।
प्रशांतवीर की इस उपलब्धि पर सहारनपुर के खेल प्रेमियों में भी खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। क्रिकेट प्रेमियों ने उन्हें आईपीएल में 14 करोड़ रुपए से अधिक की राशि में खरीदे जाने को ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं। शहर को उम्मीद है कि प्रशांतवीर आने वाले समय में अपने प्रदर्शन से सहारनपुर और देश का नाम रोशन करेंगे।
Comments (0)
Be the first to comment on this article.