आज के राजनेता बाबू मुल्कीराज सैनी से प्रेरणा लें: केशव प्रसाद मौर्य

प्रतिमा का अनावरण

सहारनपुर। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने स्वतंत्रता सेनानी, पूर्व सांसद बाबू मुल्कीराज सैनी की स्मृति में स्थापित एमआरएस पब्लिक स्कूल के परिसर में आज उनकी प्रतिमा का अनावरण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि बाबूजी ने लंबे समय तक समाज व देश की जो सेवा की वह अनुकरणीय है। वे ईमानदारी और सादगी के प्रतीक रहे। आज के राजनेताओं को उनसे प्रेरणा लेनी चाहिए। इस अवसर पर केशव प्रसाद मौर्य को बाबूजी की स्मृति में स्थापित बाबू मुल्कीराज सैनी एवार्ड 2025 से भी सम्मानित किया गया।

देश में दो धाराएं चल रही हैं – केशव प्रसाद मौर्य

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि देश में दो धाराएं चल रही हैं। एक परिवारवाद की धारा है और दूसरी लोकतंत्र को समृद्ध करने की धारा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में संविधान और लोकतंत्र को मजबूत करने का कार्य निरंतर किया जा रहा है।

मौर्य ने कहा कि बाबू मुल्कीराज सैनी ने अपने परिवार को राजनीति में नहीं बल्कि शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ाया। उन्होंने मनरेगा में भ्रष्टाचार का भी मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि मनरेगा में भ्रष्टाचार था और प्रधानमंत्री मोदी इस भ्रष्टाचार को खत्म करना चाहते थे, इसलिए उन्होंने जी राम जी के नाम से एक नयी व्यवस्था शुरू की है।

सामाजिक उत्थान के प्रेरणा स्त्रोत थे बाबूजी – सांसद डॉ.कल्पना सैनी

राज्यसभा सांसद डॉ. कल्पना सैनी ने कहा कि बाबू मुल्कीराज सैनी ने पिछड़े, गरीब और वंचित समाज के लोगों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया और उनमें शिक्षा की अलख जगायी। उन्होंने कहा कि एमआरएस पब्लिक स्कूल आज बाबूजी के सपनों को साकार कर रहा है।

स्वतंत्रता आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका

संसदीय कार्य राज्यमंत्री जसवंत सैनी और बाबूजी के सुपुत्र विनीत सैनी ने बाबूजी की जीवन यात्रा पर प्रकाश डालते हुए बताया कि युवावस्था में ही बाबूजी ने देश सेवा का व्रत लिया था। आजादी के आंदोलन में उन्होंने सक्रिय भूमिका निभाई और कई बार जेल भी गए। समाज के वंचित, शोषित, पिछड़ों और गरीबों के हितों के लिए उन्होंने सदैव संघर्ष किया।

उन्होंने बताया कि 1967 में बाबू मुल्कीराज सैनी विधायक निर्वाचित हुए और 1971 में वे सांसद बने। उन्होंने अपने जीवन के हर चरण में समाज सेवा और राष्ट्र हित को प्राथमिकता दी।

दीप प्रज्वलन से हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ

कार्यक्रम की शुरुआत बाबू मुल्कीराज सैनी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन से की गई। उपमुख्यमंत्री के कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर पूर्व मंत्री डॉ. धर्मसिंह सैनी, साहबसिंह सैनी, पूर्व विधायक नरेश सैनी, एमआरएस पब्लिक स्कूल के प्रबंध निदेशक विनीत सैनी, निदेशक सुनीता सैनी, उत्तराखंड के मंत्री श्यामवीर सैनी, बार संघ के अध्यक्ष अभय सैनी एडवोकेट, पूर्व विधायक महीपाल सिंह माजरा, श्वेतांक सैनी, चारु सैनी, विक्रम सैनी सबदलपुर, सचिन सैनी, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष मेलाराम पंवार ने माल्यार्पण और बुके भेंट कर उनका स्वागत किया।

अतिथियों का संबोधन और सम्मान

इसके अतिरिक्त उत्तराखण्ड के राज्य मंत्री श्यामवीर सैनी, योगराज सिंह, अभय सैनी एडवोकेट, विक्रम सैनी एडवोकेट, राजकुमार सैनी रुड़की, सौ सिंह सैनी, कर्ण सिंह सैनी, रवीन्द्र सैनी आदि ने भी संबोधित किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता दिल्ली से आए आल इंडिया सैनी सेवा समाज के अध्यक्ष दिलबाग सिंह सैनी ने की तथा संचालन साहित्यकार डॉ. वीरेन्द्र आज़म ने किया।

विक्रम सैनी सबदलपुर ने उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को शॉल ओढ़ाकर स्वागत करते हुए रामदरबार व गदा भेंट की। वहीं बाबूजी के सुपुत्र और स्कूल के प्रबंध निदेशक विनीत सैनी, सहारनपुर बार संघ के अध्यक्ष अभय सैनी एडवोकेट व अन्य अतिथियों ने बाबू मुल्कीराज सैनी एवार्ड 2025 देकर उपमुख्यमंत्री को सम्मानित किया।

शिक्षक समाज द्वारा सम्मान

कार्यक्रम में शिक्षक संघ की ओर से यशपाल सिंह व रेखा सैनी ने भी स्मृति चिन्ह भेंट किया। इससे पूर्व डॉ. नकलीराम सैनी, नरेश सैनी और मोहित सैनी ने अतिथियों का स्वागत किया।

बाबूजी की विरासत शिक्षा में कायम

एमआरएस पब्लिक स्कूल के माध्यम से बाबूजी की शिक्षा प्रसार की भावना आज भी जीवंत है। उनके परिवार द्वारा शिक्षा क्षेत्र में किए जा रहे योगदान की सभी अतिथियों ने सराहना की।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी बाबू मुल्कीराज सैनी को नमन करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प भी दोहराया।

✨ यह आयोजन स्वतंत्रता सेनानी एवं समाज सुधारक बाबू मुल्कीराज सैनी की प्रेरणादायक विरासत को समर्पित रहा।


Comments (0)

Be the first to comment on this article.

Leave a comment